रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियों को परखने और चुनावी अभियान जन आशीर्वाद यात्रा का आगाज करने पहुंचे भाजपा के अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने आखिरकार मुख्यमंत्री पद के लिए फिर से रघुवर दास का नाम आगे बढ़ाकर अच्छे-अच्छों की अक्ल ठिकाने लगा दी है। गाहे-बगाहे रघुवर दास के नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता अब हाई कमान के इस फैसले के बाद बगलें झांकते नजर आ रहे हैं। उन्हें अब मुख्यमंत्री रघुवर दास के विरोध का कोई कारण या बची-खुची गुंजाइश भी नजर नहीं आ रही।
बीते लोकसभा चुनाव के समय अपने लेटर बम से झारखंड भाजपा की मुसीबत बढ़ा चुके रघुवर कैबिनेट के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय के तेवर इस बार विधानसभा चुनाव के पहले भी कुछ हद तक बागी ही नजर आ रहे थे। ऐसे में कयास लगाया जा रहा था कि कहीं चुनाव के समय तक उनकी ओर से फिर कोई हंगामा न खड़ा कर दिया जाए। अब तक कई मौके-मोर्चे पर अपनी ही भाजपा सरकार और झारखंड के अफसरों को कठघरे में खड़ा कर चुके सरयू राय राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के इस एलान के बाद संभव है कि बैकफुट पर आ जाएं।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours