पीएनबी घोटाले को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है. प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार मिटाने की बात करते हैं, लेकिन ग्यारह हजार करोड़ का घोटाला सामने आ गया है.
लालू प्रसाद ने कहा कि इसके अलावा हथियार घोटाले की भी बात सामने आ रही है. इसलिए अगले चुनाव में यूपीए सरकार बनाकर इन्हें हटाना है. आरजेडी सुप्रीमो चारा घोटाले में पेशी के लिए सीबीआई कोर्ट पहुंचे थे.
बता दें कि चारा घोटाल के दुमका केस में सुनवाई जल्द होने वाली है. शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद और आर के राणा की ओर से बहस पूरी कर ली गई. वहीं डॉ जगन्नाथ मिश्र की ओर से कोर्ट में आंशिक बहस हुई. दुमका केस में सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद,आर के राणा, जगदीश शर्मा समेत कई अभियुक्त कोर्ट में उपस्थित थे. इस केस में फैसला इस महीने के अंत तक आने की संभावना है.
डोरंडा कोषागार मामले में आंध्र प्रदेश परिवहन विभाग के दो अधिकारियों ने सीबीआई की ओर से गवाही दी. डीटीओ एस वेकेटेश्वर राव और प्रताप कुमार ने कोर्ट में गवाही देते हुए चारा सप्लाई में इस्तेमाल वाहनों के बारे में जानकारी दी. गैर व्यवसायिक वाहन स्कूटर सहित अन्य दो पहिया, चार पहिया वाहनों की जानकारी कोर्ट को दी गई. इस मामले में शनिवार को भी सुनवाई जारी रहेगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours