अखिल भारतीय रौतिया समाज का एक सम्मेलन रांची के धुर्वा स्थित शहीद मैदान में आयोजित हुआ. इस सम्मेलन में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, असम जैसे राज्यों से हजारों लोग शामिल हुए. रौतिया समाज ने सीएम रघुवर दास से इस समाज को जनजाति समाज का दर्जा देने के लिए आवश्यक सरकारी पहल करने की मांग की.

इस कार्यक्रम में सीएम रघुवर दास ने रौतिया समाज को रिझाने की पूरी कोशिश की. समाज को तीन लाख रुपया विवेकाधीन कोटा से देने की घोषणा की गई. इस मौके का लाभ उठाते हुए सीएम रघुवर दास ने विपक्ष पर जमकर हमला किया. कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जमकर आरोप लगाए. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष नंद कुमार साय भी शामिल हुए.

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि हमें भारतीय संस्कृति में सिखाया गया है कि सारा समाज मेरा अपना है. यह भाव जगाकर समाजरूपी भगवान का हम सबको आराधना करनी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक मुख्य सेवक के रूप में रौतिया समाज का स्वागत करते हैं. उन्होंने कहा कि रौतिया समाज ने हमेशा ही राष्ट्रवादी शक्तियों के साथ चलने का काम किया है.

सीएम ने कहा कि दबे कुचले आदिवासी दलीत को समाज में उठाने का काम किया जा रहा है मगर समाज को बांटने का षडयंत्र भी देश में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है. राजनीतिक फायदे के लिए लोगों को गुमराह भी किया जा रहा है. वोट बैंक की राजनीति करनेवाले लोग देश में वर्षों शासन करने के बाद भी देश से गरीबी, बेरोजगारी को नहीं हटा पाए. सीएम ने कहा कि इतने वर्षों में तो देश से अभाव की जिंदगी खत्म हो जानी चाहिए थी. मगर ऐसा नहीं हो सका.

सीएम ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि झारखंड को लूटने वाले लोग आज एक होकर मोदी को हटाने, भारतीय जनता पार्टी को हटाने, राष्ट्रवादी शक्ति को हटाने की बात कर रहे हैं. सीएम ने कहा कि राष्ट्रविरोधी शक्तियां एक होने की कोशिश में लगी हुई हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours