पश्चि सिंहभूम जिला के सुदूरवर्ती गांवों के विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने हाईटेक प्रखंड कार्यालय का निर्माण कराना शुरू कर दिया है. इसी के तहत आज जिले के मंझारी प्रखंड के नये और हाईटेक नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन भाजपा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने किया. इस मौके पर मझगांव के झामुमो विधायक निरल पूर्ति, जिला परिषद अध्यक्ष लालमुनि पूर्ति सहित विभिन्न गांवों के मुखिया, मुंडा और स्थानीय लोग मौजूद रहे. भारी बारिश के बावजूद नये और हाईटेक प्रखंड कार्यालय के उद्घाटन समारोह में लोग बेहद खुश और उत्साहित दिखे.
मंझारी प्रखंड के नये कार्यालय में बीडीओ, सीओ, सीडीपीओ, पंचायत सेवक, प्रखंड प्रमुख सहित अन्य कर्मियों के बैठने के लिए पर्याप्त कमरे बनाए गए हैं. एक बड़े मीटिंग हॉल के साथ हर सुविधा इस नये कार्यालय में मौजूद है. भव्य और हाईटेक कार्यालय को देख कर झामुमो विधायक निरल पूर्ति ने भी राज्य सरकार की तारीफ करने में कंजूसी नहीं की. विधायक ने कहा कि सरकार चाहे जिसकी हो वे विकास के कामों के समर्थक हैं.
भाजपा सांसद ने कहा कि मंझारी प्रखंड का पुराना कार्यालय वर्षों से जर्जर था और अधिकारियों - कर्मियों को बैठने के लिए जगह नहीं थी. इसलिए राज्य सरकार ने सभी की परेशानियों को देखते हुए नया कार्यालय बनाया. इससे एक ही छत के नीचे काम कराने में सुविधा होगी. जिप अध्यक्ष ने भी कहा कि मंझारी प्रखंड के 50 हजार ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours