दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत 23 सितंबर को लॉन्च होगी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झारखंड की धरती से इसकी शुरुआत करेंगे. झारखंड के 57 लाख परिवारों को इसका लाभ मिलेगा. इसे लेकर राज्य सरकार ने शुक्रवार को नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के साथ एमओयू किया. इसके तहत एक लाख की राशि नेशनल इंश्योरेंस कंपनी देगी, जबकि 4 लाख राज्य आरोग्य समिति के माध्यम से दी जाएगी.
बता दें कि 'आयुष्मान भारत' योजना के तहत गरीबों को 5 लाख तक का इलाज मुफ्त में मिलेगा. योजना के तहत 1350 बीमारियों का इलाज लोग करा सकेंगे. केन्द्र सरकार ने सामाजिक और आर्थिक आधार पर झारखंड के 25 लाख परिवार को चिह्नित किया है. इनके लिए केन्द्र और राज्य सरकार 60 और 40 के रेशियो में खर्च वहन करेगी. जबकि राज्य सरकार ने 32 लाख अतिरिक्त परिवारों को भी इसमें शामिल किया है. ये वे परिवार हैं, जो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के दायरे में आते हैं. राज्य सरकार को इन 32 लाख परिवारों के लिए 540 करोड़ रुपया का अलग से खर्च करना होगा.
आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर के किसी भी रजिस्टर्ड हॉस्पिटल में मुफ्त इलाज मिलेगा. झारखंड में 210 हॉस्पिटल चिह्नित किए गए हैं, जबकि 338 हॉस्पिटलों ने इसमें शामिल होने के लिए आवेदन दिया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours